10 अक्तूबर: विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर के डाडासीबा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कहानपुर में वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित लकड़ी से भरा एक पिकअप ट्राला जब्त किया है। वाहन चालक लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वन खंड अधिकारी मलकीत सिंह की अगुवाई में वन विभाग की टीम शुक्रवार अलसुबह कहानपुर क्षेत्र में गश्त और नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने पिकअप ट्राला नंबर HP 83A-6758 को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित लकड़ी लदी हुई पाई गई। अधिकारियों ने जब चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित परमिट और अन्य वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
वन खंड अधिकारी मलकीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद प्रतिबंधित लकड़ी लपियाणा वन रेंज के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र से काटी गई है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी किस वन बीट से काटी गई थी, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
डाडासीबा वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कहानपुर में नाकेबंदी के दौरान अवैध रूप से ले जाई जा रही प्रतिबंधित लकड़ी पकड़ी गई है। वन विभाग ने पिकअप ट्राले को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि वन कटान और लकड़ी तस्करी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।