करसोग में जन शिकायतों का जल्द निवारण करें अधिकारी, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

9 अक्तूबर: एसडीएम करसोग अलीशा चौहान की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण, योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने विभागों के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं तथा लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

एसडीएम अलीशा चौहान ने कहा कि जन शिकायतों का निवारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए। विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने को कहा।

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में तहसीलदार पृथी चंद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *