9 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 149 पदों को पोस्ट कोड-26016 के तहत ट्रेनी आधार पर भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 8192 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 6726 अभ्यर्थियों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में उत्तीर्ण 372 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। यह प्रक्रिया 15 अक्तूबर से शुरू होगी, जबकि इसका विस्तृत शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दस्तावेज सत्यापन से संबंधित सूचना अभ्यर्थियों को उनकी ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। इसके लिए अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ उनकी स्वप्रमाणित फोटोकॉपी के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और पहचान पत्र भी साथ लाना होगा।
सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।