बद्दी में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 3 क्विंटल चूरा-पोस्त बरामद; चालक गिरफ्तार

7 अक्तूबर, कविता शांति गौतम : बद्दी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 3 क्विंटल भुक्की (चूरा-पोस्त) बरामद की है। पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

स्पेशल सेल एक्स, बद्दी की टीम को गत मध्यरात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक नंबर एचपी-12टी-5494 में भारी मात्रा में चूरा-पोस्त भरकर हरियाणा की तरफ से बद्दी लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बद्दी पुल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक में प्लास्टिक के कट्टे और बोरे बरामद हुए। जांच करने पर इनमें कुल 3 क्विंटल भुक्की (चूरा-पोस्त) पाई गई। पुलिस ने नशीले पदार्थ की खेप और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को कब्जे में ले लिया। आरोपी चालक की पहचान धर्मिन्द्र सिंह, निवासी वार्ड नंबर-3, नालागढ़ के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशीले पदार्थ की खेप कहां से लेकर आया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बद्दी पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा मुक्त और सुरक्षित बद्दी के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *