रैहन के छत्र पंचायत में चार दिन से लापता 30 वर्षीय युवक का शव जंगल के कुएं से बरामद

5 अक्तूबर: पुलिस थाना रैहन के अंतर्गत छत्र पंचायत में चार दिन से लापता 30 वर्षीय युवक वरिंद्र कुमार का शव जंगल में स्थित एक कुएं से बरामद हुआ है। परिजनों ने युवक के लापता होने की रिपोर्ट थाना रैहन में दर्ज करवाई थी और वे उसकी तलाश कर रहे थे।

परिजनों को घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में स्थित कुएं में युवक का शव मिला। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रैहन सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकाला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलने पर नूरपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाने के लिए डीएफयू नूरपुर की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *