नाहन से सात बेसहारा गौवंश को कोटला बड़ोग गौशाला भेजा, मालिकों पर होगी कार्रवाई

5 अक्तूबर: नाहन शहर को बेसहारा गौवंश की समस्या से मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सात बेसहारा गौवंश को सिरमौर स्थित कोटला बड़ोग गौशाला में स्थानांतरित किया गया।

एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि शहर में बेसहारा गौवंश की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन, नगर परिषद, पशुपालन विभाग, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बेसहारा गौवंश को कोटला बड़ोग तथा नालागढ़ स्थित हांडा कुंडी बुल सेंचुरी भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि सात गौवंश में तीन टैग लगे पालतू पशु भी पाए गए। ऑनलाइन भारत पशुधन पोर्टल पर टैग की जानकारी के आधार पर इनके मालिकों की पहचान रमेश चंद निवासी नौणी का बाग वार्ड नंबर 12, रजत सैणी निवासी नौणी का बाग वार्ड नंबर 12 और राज कुमार निवासी वार्ड नंबर 13 के रूप में हुई है।

एसडीएम ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद नाहन को तीनों पशु मालिकों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने पशुपालकों से अपने पशुओं को बेसहारा न छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेसहारा पशुओं के कारण दुर्घटनाओं का खतरा रहता है और स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *