3 अक्तूबर: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संतोषगढ़ में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के करीब 200 विद्यार्थियों ने रैली में भाग लेकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया और नशा मुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने हाथों में नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता संदेशों की पट्टिकाएं लेकर लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने कहा कि नशा विशेषकर युवा पीढ़ी के सामने गंभीर चुनौती है। नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की खुशहाली और सामाजिक विकास को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही स्वयं नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर नगर परिषद संतोषगढ़ की अध्यक्ष अंजना चब्बा, तहसील कल्याण अधिकारी जतिन्द्र शर्मा, अधीक्षक ग्रेड-2 अनूप सिंह, विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।