30 सितंबर: वन विश्राम गृह इंदौरा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन ने जरूरतमंद परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत करीब 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। इस दौरान ‘बेटी है अनमोल योजना’ के तहत क्षेत्र के 25 परिवारों की बेटियों के नाम 21-21 हजार रुपये की एफडी भी प्रदान की गई।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से गंभीर बीमारी, दुर्घटना और अन्य विषम परिस्थितियों से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने लाभार्थी परिवारों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने का आह्वान किया।
मलेंद्र राजन ने कहा कि पंचायत स्तर पर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद विधायक ने गंगथ-1, गंगथ-2, रप्पड़ और अटाहड़ा पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की। इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर एसडीएम सुरिन्द्र ठाकुर, सीडीपीओ सुनित कुमार सहित पंचायत प्रतिनिधि, लाभार्थी परिवार और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।