भगत सिंह और प्रेम चंद सिंगला की जयंती पर 1 अक्टूबर को रक्तदान शिविर

30 सितंबर, कविता शान्ति गौतम : शहीद-ए-आजम भगत सिंह और क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला के स्वर्गीय पिता प्रेम चंद सिंगला के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 1 अक्टूबर को क्योरटेक प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन अमित सिंगला सोशल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से किया जा रहा है।

सोसाइटी के फाउंडर एवं क्योरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया और युवाओं में देशभक्ति एवं समाजसेवा की भावना जगाई। उनके जन्मदिवस पर रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा करना उनके आदर्शों को याद करने का एक सार्थक प्रयास है।

सुमित सिंगला ने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पीजीआई के मरीजों के लिए रक्त की आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से ब्लड बैंक की टीम क्योरटेक प्रांगण में पहुंचेगी। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, उद्योगपतियों, युवाओं और प्रशासन से शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में श्राद्ध पक्ष चल रहा है और रक्तदान से बढ़कर जरूरतमंदों की सेवा तथा अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने का कोई बेहतर माध्यम नहीं हो सकता। उन्होंने लोगों से 1 अक्टूबर को क्योरटेक प्रांगण पहुंचकर रक्तदान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वृक्षारोपण और लंगर का भी आयोजन किया जाएगा। सुमित सिंगला ने लोगों से शहीद भगत सिंह के आदर्शों को याद करते हुए मानवता की सेवा का संकल्प लेने की अपील की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *