30 सितंबर: विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलमार्ग पर टकसाल और गुम्मन के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक की बहाली का काम जारी है। इसके चलते रेलवे प्रबंधन ने ट्रेनों के रद्दीकरण की अवधि बढ़ाकर 31 अक्तूबर कर दी है। अब कालका-शिमला के बीच पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन 31 अक्तूबर तक रद्द रहेगा।
रेलवे के अनुसार किलोमीटर 07/16-17 पर ब्रिज नंबर 57 के आसपास मिट्टी बह जाने से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ है। प्रभावित हिस्से में बहाली का कार्य अभी प्रगति पर है। इसी के चलते अंबाला मंडल ने ट्रेनों के रद्दीकरण और आंशिक संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इसके तहत ट्रेन नंबर 52457/52458, 52451/52452, 52459/52460, 52455/52456 तथा अप मिक्स ट्रेन/डाउन मिक्स ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा।
वहीं, ट्रेन नंबर 52453 और 52454 का आंशिक संचालन शिमला-धर्मपुर के बीच जारी रहेगा। ट्रेन नंबर 52453 धर्मपुर से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी, यानी कालका से धर्मपुर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 52454 धर्मपुर में शॉर्ट टर्मिनेट होगी और धर्मपुर से कालका के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा। यह व्यवस्था 31 अक्तूबर तक लागू रहेगी।