28 सितंबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में राजनीतिक शास्त्र शिक्षकों के 95 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26028 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद यह परिणाम जारी किया गया।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 3650 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 3002 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी, जबकि परीक्षा के आधार पर 239 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था।
17 और 19 सितंबर को दस्तावेजों की जांच के बाद कुल 94 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक पद रिक्त रह गया है।
आयोग के सचिव ने बताया कि अंतिम परिणाम में चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों की जानकारी आयोग की वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दी गई है।