हमीरपुर में पानी की गुणवत्ता की होगी रियल टाइम मॉनीटरिंग, 45 करोड़ से बनेगा अंडरग्राउंड डक्ट

15 सितम्बर:जिला मुख्यालय में पेयजल की गुणवत्ता की अब हर समय निगरानी की जा सकेगी। जल शक्ति विभाग ने करीब 18 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक रियल टाइम मॉनीटरिंग प्रणाली स्थापित की है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने सोमवार शाम बस स्टैंड के पास इस प्रणाली और प्याऊ का शुभारंभ किया।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि जल शक्ति विभाग के मानकों के अनुसार पानी की गुणवत्ता से संबंधित जानकारी एलईडी स्क्रीन पर लगातार प्रदर्शित होती रहेगी। इससे शहरवासियों को पेयजल की गुणवत्ता की जानकारी रियल टाइम में मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर शहर के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मंजूर की हैं। मुख्य बाजार की विद्युत और पेयजल लाइनों को भूमिगत करने के लिए शिमला की तर्ज पर अंडरग्राउंड डक्ट के निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसमें से 15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है। शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा चौक से मुख्य बाजार और भोटा चौक तक तथा पेट्रोल पंप से बस स्टैंड और भोटा चौक तक करीब 5 फुट चौड़ा और 5 फुट गहरा अंडरग्राउंड डक्ट बनाया जाएगा। इससे शहर को बिजली की तारों के जाल, खंभों और जगह-जगह से गुजर रही पाइपों से निजात मिलेगी।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि वर्तमान बस स्टैंड की जगह पर अत्याधुनिक सिटी सेंटर बनाया जाएगा। प्रदेश सरकार ने पुराने खोखाधारकों का पुनर्वास सुनिश्चित किया है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा की जाएगी। सिटी सेंटर के निर्माण से प्रभावित होने वाले दुकानदारों के पुनर्वास की व्यवस्था भी की जा रही है।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को रानी झांसी पार्क के पास उपयुक्त स्थान पर शौचालय का निर्माण करवाने तथा नालियों की उचित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने साढ़े तीन वर्षों के दौरान जिला हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान, इंटीग्रेटेड साइंस कॉलेज, बस स्टैंड सहित कई बड़ी परियोजनाएं मंजूर की हैं। इन परियोजनाओं से जिले में विकास को नई गति मिली है।

इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता रोहित दुबे ने सुनील शर्मा बिट्टू और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के अन्य पदाधिकारी और जल शक्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *