12 सितंबर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत इंदौरा में बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जे.जे. पैलेस कोठी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन ने चयनित बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और सुझावों की जानकारी ली।
विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में फेस-1 से फेस-8 तक किए गए सर्वे के दौरान 1300 से अधिक परिवारों को बीपीएल श्रेणी के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र और जरूरतमंद परिवार किसी कारणवश अब तक बीपीएल सूची में शामिल होने से रह गया है, तो उसे अंतिम फेस के सर्वे में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से बीपीएल परिवारों के साथ सीधे संवाद कर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम के दौरान सामने आने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से भी आग्रह किया कि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
विधायक ने कहा कि जनता से सीधा संवाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे सरकार को जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और उसी के अनुरूप योजनाओं को लागू करने में मदद मिल रही है। उन्होंने पात्र परिवारों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनय मेहरा, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सनिहाल, बीएमओ संदीप महाजन, नायब तहसीलदार, आरओ अब्दुल हमीद, तहसील कल्याण अधिकारी अनूप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल एवं युवक मंडलों के प्रतिनिधि तथा चयनित बीपीएल परिवार उपस्थित रहे।