10 सितम्बर: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 18 सितंबर को जिला हमीरपुर के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में 1 से 19 वर्ष तक के करीब 1.31 लाख बच्चों, किशोरों और नवयुवाओं को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल दी जाएगी। इनमें 1 से 5 वर्ष तक के 27,419 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी। यह जानकारी एडीसी अभिषेक गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न टीकाकरण एवं प्रतिरक्षण कार्यक्रमों की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
एडीसी ने कहा कि बच्चों के पेट में कृमि होने से उनका शारीरिक विकास प्रभावित हो सकता है और वे अनीमिया जैसी बीमारियों की चपेट में भी आ सकते हैं। इसलिए 19 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे और युवा को कृमिनाशक दवा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों में आंखों की समस्याओं की रोकथाम के लिए विटामिन-ए की खुराक भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा शिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारी और प्रभारी शिक्षक अपनी उपस्थिति में बच्चों को दवा खिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा दवा लेने से वंचित नहीं रहना चाहिए। किसी कारणवश छूट जाने वाले बच्चों को 25 सितंबर को कृमिनाशक दवा दी जाएगी।
बैठक में एचपीवी टीकाकरण की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने बताया कि जिला में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की 1,947 यानी करीब 66 प्रतिशत लड़कियों को सर्विकल कैंसर रोधी एचपीवी टीका लगाया जा चुका है। शेष लड़कियों के टीकाकरण के लिए स्कूल स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के नोडल अधिकारियों और शिक्षकों से इस आयु वर्ग की सभी पात्र लड़कियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग छोटे बच्चों को अलग-अलग समय पर विभिन्न वैक्सीनों की कुल 27 खुराकें निशुल्क प्रदान कर रहा है। ये टीके बच्चों को 12 बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका लड़कियों को भविष्य में सर्विकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एडीसी ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बैठक में कृमि मुक्ति दिवस, एचपीवी टीकाकरण और अन्य प्रतिरक्षण कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में सभी बीएमओ, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।