विकसित भारत के निर्माण में युवा बनेंगे भागीदार, 30 सितंबर तक क्विज में कराएं पंजीकरण

10 सितंबर: विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और जिले के अधिक से अधिक युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (वीबीवाईएलडी)-2027 से जोड़ने के उद्देश्य से वीरवार को माय भारत केंद्र हमीरपुर की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक एडीसी अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और संबंधित संस्थाओं के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अभिषेक गर्ग ने बताया कि वीबीवाईएलडी-2027 युवाओं को केवल प्रतिभागी के रूप में नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे लाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से 15 से 29 वर्ष तक के युवाओं को अपने विचार, नवाचार और विकास संबंधी सुझाव प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसी के प्रारंभिक स्तर पर विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज आयोजित की जा रही है।

माय भारत पोर्टल पर 17 अगस्त से 30 सितंबर तक आयोजित होने वाली इस क्विज में 20 प्रश्नों के लिए 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। क्विज में भाग लेने वाले युवाओं को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागी दूसरे चरण में 5 से 9 अक्तूबर तक निबंध प्रतियोगिता में भाग लेंगे। तीसरे चरण में जिला चैंपियनशिप के दौरान 10 से 16 नवंबर तक पीपीटी प्रस्तुतियां होंगी। चौथे चरण में 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तर पर पीपीटी प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद चयनित युवा 10 से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संवाद में भाग लेकर अपने विचार साझा कर सकेंगे।

एडीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को क्विज में अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण में किसी प्रकार की दिक्कत आने पर माय भारत हमीरपुर के अधिकारियों और वॉलंटियरों से संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में माय भारत केंद्र हमीरपुर की जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने वीबीवाईएलडी-2027 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों से सहयोग का आग्रह किया। इस अवसर पर डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, डिग्री कॉलेज धनेटा के प्रधानाचार्य डॉ. जीसी राणा, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा, विभिन्न कॉलेजों के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी तथा माय भारत के वॉलंटियर उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *