10 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में राजनीतिक शास्त्र शिक्षकों के 95 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि 95 पदों के लिए कुल 3650 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि 3002 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी। परीक्षा में उत्तीर्ण 239 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है। यह प्रक्रिया 17 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की सूचना संबंधित उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी के माध्यम से दी जाएगी। उम्मीदवारों को अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे। सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ उनकी सेल्फ अटेस्टेड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई कॉपी और आईडी प्रूफ साथ लाना होगा।
सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवारों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।