9 सितंबर: बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को कुपोषण और एनीमिया से बचाने के उद्देश्य से मनाए जा रहे नौवें पोषण माह का हमीरपुर में जागरूकता रैली के साथ शुभारंभ हुआ। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने उपायुक्त कार्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। रैली उपायुक्त कार्यालय परिसर से गांधी चौक और मुख्य बाजार होते हुए मुख्य डाकघर चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को पोषण और संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया।
उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2018 से सितंबर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों और किशोरों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष 9 सितंबर से 8 अक्तूबर तक मनाए जा रहे नौवें पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के उचित पोषण तथा बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी कारण इस वर्ष पोषण माह में आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिले में बच्चों का उचित पोषण सुनिश्चित करने के लिए भोरंज ब्लॉक में पायलट प्रोजेक्ट के तहत पोषक तत्वों से भरपूर रागी पाउडर का वितरण किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, फील्ड कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आम लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।