9 सितम्बर: ‘स्वच्छ हवा एवं नशा मुक्त सुंदरनगर’ अभियान के तहत पैराडाइज पब्लिक स्कूल और मदर आर्म ग्लोबल पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विशेष संवाद सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने विद्यार्थियों से मानसिक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली और नशे से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया।
एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अनुशासन और स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवनशैली को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर क्रयाश संस्था के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा ने विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के गंभीर प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से वायु प्रदूषण को कम करने में योगदान दिया जा सकता है।
दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने संवाद सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।