कुल्लू में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जीप से देवदार के 25 अवैध स्लीपर बरामद; दो गिरफ्तार

9 सितंबर:हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में वन विभाग के वन्य प्राणी प्रभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवदार के 25 स्लीपर बरामद किए हैं। टीम ने नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध जीप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगाने लगा। वन विभाग की टीम ने पीछा कर जीप को भुइन पंचायत घर के समीप पकड़ लिया। वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार वन्य प्राणी विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक जीप के माध्यम से अवैध रूप से देवदार की लकड़ी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने शियागी ढोग के पास नाका लगाया। इसी दौरान दोहरानाला की ओर से कुल्लू की तरफ आ रही संदिग्ध जीप को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे तेज रफ्तार से भगाना शुरू कर दिया।

इसके बाद वन विभाग की टीम ने जीप का पीछा किया। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान भुंतर गुरुद्वारा के पास तेज रफ्तार जीप की एक राहगीर से टक्कर भी हो गई। हादसे में चालक के घायल होने की सूचना है। इसके बावजूद जीप को नहीं रोका गया। वन विभाग की टीम ने पीछा जारी रखते हुए गुरुद्वारा से करीब 150 मीटर आगे पुराने गड़सा रोड पर भुइन पंचायत घर के पास जीप को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान जीप से अलग-अलग आकार के देवदार की लकड़ी के 25 स्लीपर बरामद हुए। वाहन में सवार दोनों व्यक्ति लकड़ी से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने लकड़ी और जीप को जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

वन्य प्राणी प्रभाग कुल्लू के डीएफओ राजेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर यह कार्रवाई की गई। वाहन चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। लकड़ी के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *