7 सितंबर: राजधानी शिमला के हिमलैंड क्षेत्र में रविवार देर शाम निजी बस और जिम्नी गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में जिम्नी चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए आईजीएमसी पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार जिम्नी चालक वाहन को ओवरटेक कर रहा था, इसी दौरान वह सामने से आ रही निजी बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जिम्नी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही छोटा शिमला पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस टक्कर के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे में घायल चालक की पहचान और उसकी स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
शिमला में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले टालैंड में हुए सड़क हादसे में दो पुलिस जवानों की मौत हो चुकी है।