7 सितंबर: औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरस में सोमवार सुबह करीब 9 बजे बड़ा हादसा होने से टल गया। फतेहपुर से तलबाड़ा जा रही एक निजी बस बीबीएमबी वर्कशॉप के पास सड़क के बीच मुड़ रही पराली से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे और कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही संसारपुर टैरस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को वहां से वाहन हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों ने पंजाब-हिमाचल सीमा पर जाम लगा दिया। करीब 25 मिनट तक लगे जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।