7 सितंबर: ढलियारा के चालाली मार्ग पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरल निवासी दीपक भारद्वाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक बाइक पर सवार था और इसी दौरान उसकी एचआरटीसी बस के साथ टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मोइन पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत चालाली के प्रधान अश्वनी कुमार और उपप्रधान दीपक राजपूत भी मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर गुरल गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। 20 वर्षीय युवक की अचानक मौत से परिवार और क्षेत्र के लोग गहरे सदमे में हैं।
मोइन पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आगामी कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।