झुंगा देवी में 24 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम, 1 हजार दर्शकों के बैठने की होगी व्यवस्था

7 सितंबर: जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की सोल बनेहड़ पंचायत के झुंगा देवी में 24 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्र स्तरीय अत्याधुनिक इंडोर खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और इसमें करीब एक हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने जालग में छात्राओं की अंडर-19 जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान यह घोषणा की।

गोमा ने बताया कि स्टेडियम का निर्माण पहले जयसिंहपुर में प्रस्तावित था, लेकिन जमीन उपलब्ध न होने के कारण अब इसे झुंगा देवी में बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और यह स्टेडियम क्षेत्र में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने डाइट मनी में बढ़ोतरी की है। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के हवाई सफर का खर्च भी सरकार वहन कर रही है।

मंत्री ने कहा कि स्कूल स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास के साथ खेल प्रतिभाओं को तराशने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने छात्राओं से खेल में हार को सीख के रूप में लेकर अपनी कमजोरियों को दूर करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

गोमा ने घोषणा की कि इस प्रतियोगिता से यदि कोई छात्रा राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होती है तो उसे 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। स्कूल प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर उन्होंने जालग स्कूल के कला मंच के जीर्णोद्धार का आश्वासन भी दिया और संबंधित अधिकारियों को इसका प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अगले माह जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की समस्याओं को सरकार के समक्ष लगातार उठाते रहे हैं और उनके समाधान के लिए प्रयासरत हैं।

इस अवसर पर स्कूल प्रशासन ने मंत्री को सम्मानित किया। मंत्री ने मार्च पास्ट सहित विभिन्न गतिविधियों को हरी झंडी दिखाई और प्रतियोगिताओं के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 25 स्कूलों की छात्राएं भाग ले रही हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *