हिमाचल की मंजरी वी. महाजन को राष्ट्रपति ने दिया राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

5 सितंबर: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा जगत के लिए गौरव की बात है। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुजानपुर टीहरा (सीबीएसई) की प्रधानाचार्या मंजरी वी. महाजन को शिक्षा, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। देशभर से चयनित 48 उत्कृष्ट शिक्षकों में मंजरी वी. महाजन का नाम शामिल रहा।

मंजरी वी. महाजन ने शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके नेतृत्व में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार और वेस्ट वारियर अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

उनके विद्यालय को सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की ओर से लगातार दो बार ग्रीन स्कूल का दर्जा भी मिल चुका है। इसके अलावा राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली ने उन्हें देश के चुनिंदा अभिनव स्कूल प्रमुखों की सूची में शामिल किया है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से उन्हें ‘विजनरी लीडर इन गर्ल एजुकेशन’ सम्मान भी दिया जा चुका है।

मंजरी महाजन ने स्कूलों में प्लास्टिक मुक्त परिसर, वर्मी कंपोस्टिंग, जैविक खेती और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन जैसी पर्यावरण हितैषी पहल को बढ़ावा दिया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने में मदद मिली।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंजरी वी. महाजन को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और विद्यालय नेतृत्व के क्षेत्र में उनका समर्पण अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रदेश के शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणादायक बताया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *