कांगू में जन स्वास्थ्य शिविर में 2 हजार से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच

31 अगस्त: नादौन के कांगू में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए जन स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच करवाने पहुंचे। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों को जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि शिविर में करीब 2020 लोगों का चेकअप किया गया। स्त्री रोग विभाग की ओपीडी में सबसे अधिक 365 महिलाओं ने जांच करवाई। इसके अलावा हड्डी रोग विशेषज्ञों ने 253 और मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों ने 236 लोगों की जांच की।

नेत्र रोग विशेषज्ञों ने 189, ईएनटी विशेषज्ञों ने 159, त्वचा रोग विशेषज्ञों ने 144, हृदय रोग विशेषज्ञों ने 122 और बाल रोग विशेषज्ञों ने 77 लोगों की जांच की। वहीं गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, डेंटल, न्यूरोलॉजी, सर्जरी और मनोचिकित्सा विभाग के विशेषज्ञों ने भी लोगों को सेवाएं दीं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 1740 लोगों की जांच की गई, जिनमें 1114 महिलाएं, 549 पुरुष और 77 शिशु शामिल रहे। शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार के 1860 टेस्ट, 72 अल्ट्रासाउंड, 76 शुगर टेस्ट, 43 एचबी टेस्ट, 43 बीएमआई जांच, 35 एक्स-रे और 110 टीबी टेस्ट किए गए। 12 लोगों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

आयुर्वेद विभाग के विशेषज्ञों ने 205 लोगों की जांच की, जबकि होम्योपैथी विशेषज्ञों से 75 लोगों ने स्वास्थ्य परामर्श लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *