मंडी में भीषण अग्निकांड, 12 कमरों का मकान जलकर राख; 80 लाख से ज्यादा का नुकसान

29 अगस्त: मंडी जिले की उपतहसील थाची के ढमसेहड़ गांव में शुक्रवार देर रात भीषण अग्निकांड हो गया। हादसे में नैणु राम का 12 कमरों वाला लकड़ी का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से घर का सामान, फर्नीचर और कारोबार से जुड़ा सामान भी नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, हादसे में 80 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब पौने 12 बजे नैणु राम ने कुछ असामान्य आहट सुनी। बाहर निकलकर देखा तो मकान की छत से आग की तेज लपटें उठ रही थीं। उन्होंने शोर मचाया और पत्नी के साथ तुरंत घर से बाहर निकल आए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी से बना मकान होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और 12 कमरों का मकान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि नैणु राम और उनकी पत्नी समय रहते घर से बाहर निकल आए। परिवार के अन्य सदस्य भी उस रात रिश्तेदारी में गए हुए थे, जिसके चलते हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

नैणु राम के अनुसार, आग में घर में रखा सामान, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी जलकर नष्ट हो गए। मकान की पहली मंजिल पर वह फर्नीचर का काम करते थे। आग में फर्नीचर समेत कारोबार से संबंधित सामान भी पूरी तरह तबाह हो गया।

ग्राम पंचायत प्रधान चंद्रवती ने बताया कि अग्निकांड में पीड़ित परिवार को 80 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *