नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसे बद्दी ले जाकर बेचने के मामले में आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर

28 अगस्त: चुराह उपमंडल में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसे बहला-फुसलाकर बद्दी ले जाकर बेचने के आरोप में गिरफ्तार शुभम ठाकुर को वीरवार को तीसा अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

बुधवार को चंबा अदालत से अंतरिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद तीसा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया था। वीरवार को कड़ी सुरक्षा के बीच उसे तीसा अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने मामले की जांच के लिए रिमांड की मांग की।

पुलिस रिमांड के दौरान जांच टीम आरोपी से मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि बद्दी में आरोपी किन लोगों के संपर्क में आया था और घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

पुलिस पीड़िता के मोबाइल फोन से जुड़े तथ्यों और आरोपी के संपर्कों की भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपी की पिछली गतिविधियों और संपर्कों को खंगाला जा रहा है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।

एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी को अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *