एशियाई खेलों में हिमाचल की पुष्पा राणा संभालेंगी भारतीय महिला कबड्डी टीम की कमान

28 अगस्त: भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला की होनहार खिलाड़ी पुष्पा राणा को 20वें एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तानी सौंपी गई है। पिछले वर्ष टीम की उप-कप्तान रही हिमाचल की इस बेटी को अब पूरी टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली है।

जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्तूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एशियाई खेलों के लिए घोषित 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम में धर्मशाला केंद्र की तीन खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ज्योति और भावना का चयन हुआ है। छोटे से गांव से निकलकर पिछले 12 वर्षों से कबड्डी के मैदान में मेहनत कर रहीं पुष्पा का खेल सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है।

पुष्पा राणा अब तक तीन एशियाई खेलों और एक विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। यह लगातार पांचवीं बार है जब उनका चयन एशियाई खेलों के लिए हुआ है। इस बार वह बतौर कप्तान देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

साई धर्मशाला के प्रभारी जे.पी. शाहनी ने पुष्पा को कप्तानी मिलने को केंद्र के इतिहास का ऐतिहासिक पल बताया। वहीं, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच पूजा ठाकुर ने कहा कि पुष्पा की यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने कहा कि भारतीय टीम की कप्तानी मिलना उनके और उनके परिवार के लिए बेहद गर्व की बात है। टीम काफी मजबूत है और प्रशिक्षण शिविर में सभी खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रही हैं। उनका एकमात्र लक्ष्य भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने में अपने कोच के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *