27 अगस्त: मंडी जिला के गोहर क्षेत्र में बुधवार को भीषण अग्निकांड में दोमंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने का प्राथमिक कारण रसोई गैस सिलेंडर में हुआ रिसाव बताया जा रहा है। हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई, जबकि दो परिवार बेघर हो गए।
जानकारी के अनुसार बागाचनोगी उपतहसील की जैंशला पंचायत के भैंचड़ी गांव निवासी टीकम सिंह की रसोई में गैस रिसाव के बाद अचानक आग भड़क उठी। पारंपरिक काष्ठकुणी शैली में बने मकान ने देखते ही देखते आग पकड़ ली। आग की लपटें दूसरे भाई टिंबर सिंह की रसोई तक भी पहुंच गईं, जिसके बाद दोनों रसोइयों में रखे गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। धमाकों से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लकड़ी से निर्मित मकान होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और पूरा घर जलकर नष्ट हो गया। यह तीन भाइयों का संयुक्त मकान था। इसमें दो परिवार रहते थे, जबकि तीसरा परिवार कुल्लू में रहता है।
घटना की सूचना मिलते ही थुनाग के एसडीएम संजीत शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें फौरी राहत प्रदान की। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को नकद राशि, राशन, तिरपाल और बर्तन उपलब्ध करवाए गए हैं।
एसडीएम ने राजस्व अधिकारियों को अग्निकांड से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध करवाया जा सके।