26 अगस्त: शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग-103 पर दधोल स्कूल के पास मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे के बाद गौवंश तस्करी का मामला सामने आया है। हादसे के बाद भराड़ी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 9 गौवंश बेहद क्रूर हालत में ठूंसे हुए मिले। ट्रक में सवार दो व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस को ट्रक से फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है, जबकि असली नंबर प्लेट कैबिन के अंदर छिपाकर रखी गई थी।
जानकारी के अनुसार राज कुमार मंगलवार शाम घुमारवीं से डंगार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दधोल स्कूल के पास हमीरपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही भराड़ी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 9 गौवंश बंधे हुए मिले। जांच के दौरान ट्रक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई, जबकि असली नंबर प्लेट कैबिन के अंदर छिपाकर रखी गई थी। इससे पुलिस को गौवंश तस्करी के मामले में सुनियोजित तरीके से वाहन का इस्तेमाल किए जाने का संदेह है।
घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी एवं गौरक्षक सुनील भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फर्जी नंबर प्लेट के जरिए गौवंश तस्करी को गंभीर आपराधिक मामला बताते हुए प्रशासन से इसकी गहन जांच की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि इतनी संख्या में गौवंश को कहीं से एकत्रित कर ट्रक में लाया गया होगा और संभावित रूप से गौसदनों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
फिलहाल भराड़ी पुलिस ने गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है और ट्रक को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।