26 अगस्त: बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लदरौर में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी भूस्खलन होने के कारण मलबा निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन पर जा गिरा। हादसे के समय मशीन पर काम कर रहे दो लोग मलबे में दब गए। हादसे में ऊना जिले के 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि जेसीबी ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 4 बजे भराड़ी पुलिस को भूस्खलन और मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलवीर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने कुशल बानियाल (19), निवासी मलोह, तहसील बंगाणा, जिला ऊना को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल जेसीबी ऑपरेटर पंकज भारद्वाज (26), निवासी जझर, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद एएसपी बिलासपुर प्रताप सिंह और डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।