25 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ (हिमकोफैड) की ओर से बचत भवन हमीरपुर में जिला स्तरीय सहकारी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
जिले भर की सहकारी सभाओं के प्रबंध मंडल सदस्यों, सचिवों, हिमकोफैड पदाधिकारियों और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सहकारी सभाएं ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर काम करते हुए सीधे आम लोगों से जुड़ी हैं। इन सभाओं के माध्यम से अरबों रुपये का कारोबार हो रहा है। ऐसे में सहकारी सभाओं की समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सहकारी सभाओं के हितों की रक्षा के लिए भी सरकार आवश्यक कदम उठा रही है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सहकारी सभाओं को बैंकों से अधिक ब्याज दिलाने और इससे जुड़े मुद्दों को भारतीय रिजर्व बैंक के समक्ष उठाया जाएगा। इसके अलावा एचआर पॉलिसी और कंप्यूटरीकरण को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से संबंधित विषयों को भी प्रदेश सरकार प्रमुखता से उठाएगी, ताकि सहकारी सभाओं के हित सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि सहकारी सभाओं के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था हमीरपुर में ही करवाने का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले में मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, प्रदेश का पहला अलाइड हेल्थ कॉलेज, डेडिकेटेड साइंस कॉलेज और आयुर्वेदिक एम्स जैसे बड़े संस्थान मंजूर किए हैं। इसके अलावा प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा भी हमीरपुर में बनाया जा रहा है। जिले में कई अन्य विकासात्मक परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है, जो प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर सहायक पंजीयक रवि कुमार ने जिले की सहकारी सभाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 368 सहकारी सभाएं संचालित हैं, जिनके सदस्यों की संख्या दो लाख से अधिक है।
जिला सहकारी विकास संघ के अध्यक्ष यशवीर पटियाल, हिमकोफैड के पूर्व सदस्य आरसी डोगरा, हिमकोफैड के अधिकारी गौरव कुमार और अशोक शर्मा तथा सहकारी सभा कर्मचारी संघ के जिला महासचिव अशोक कुमार ने भी सम्मेलन में अपने विचार और सुझाव रखे।
हिमकोफैड के बीओडी सदस्य राजेश ठाकुर और संतोष शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। सम्मेलन में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, हिमकोफैड के अधिकारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, मनोज शर्मा, प्रवेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।