कुठेड़ में आयुष्मान आरोग्य शिविर, 90 लोगों की स्वास्थ्य जांच

21 अगस्त: करसोग के दूरदराज क्षेत्र ग्राम पंचायत कुठेड़ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक दिवसीय आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों को घर-द्वार पर स्वास्थ्य जांच, उपचार और जांच की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।

शिविर के दौरान 90 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 72 लोगों के एक्स-रे किए गए। करसोग अस्पताल को हाल ही में मिली पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से पहली बार पंचायत में ही एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। इससे ग्रामीणों को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ा।

इसके अलावा शिविर में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी के 52-52 टेस्ट, जबकि सिफलिस के 52 टेस्ट किए गए। वहीं, 90 लोगों की टीबी जांच भी की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।

शिविर में नागरिक चिकित्सालय करसोग और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महोग की स्वास्थ्य टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार दूरदराज क्षेत्रों में लोगों को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने से अब ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को मौके पर ही एक्स-रे की सुविधा मिल सकेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *