नक्की खड्ड में अचानक आया उफान, तेज बहाव में बही कार; स्थानीय लोगों ने चालक को सुरक्षित बचाया

19 अगस्त: कांगड़ा जिला के गरली क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण बुधवार सुबह नक्की खड्ड में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया। प्रागपुर और बणी के बीच स्थित नक्की खड्ड में उफान आने से एक कार बहकर खड्ड में जा गिरी। हादसे के समय कार में केवल चालक सवार था, जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना सुबह करीब 6:28 बजे की बताई जा रही है। नक्की खड्ड पर बने स्लैब पर अचानक दोनों ओर से तेज पानी आने के कारण वहां से गुजर रहे करीब एक दर्जन वाहन फंस गए। इसी दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में एक सफेद रंग की कार आ गई और अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद हाईड्रा और जेसीबी मशीन की मदद से कार को खड्ड से बाहर निकाला गया। कार के खड्ड में गिरने के बाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

बताया जा रहा है कि चिंतपूर्णी माता के अष्टमी नवरात्र के चलते मुख्य राजमार्ग पर पहले से ही भारी जाम लगा हुआ था। जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक प्रागपुर के इस वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी बीच नक्की खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रातभर हुई लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। बरसात के मौसम में तेज बहाव के कारण इस मार्ग पर हादसे का खतरा बना रहता है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से नदी-नालों व खड्डों के पास जाने से बचने और बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *