चुराह में संदिग्ध हालात में मिला व्यक्ति का शव, पुलिस ने शुरू की जांच

19 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी क्षेत्र में बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नेगी राणा निवासी गांव गुड़ेश, तहसील चुराह के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की गतिविधियों और उसकी मौत से जुड़े संभावित कारणों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस हत्या, हादसा या अन्य किसी कारण समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *