17 अगस्त: विश्वप्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के तीसरे चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चरण में 1 से 5 सितंबर तक यात्रा करने वाले श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। भरमौर प्रशासन ने प्रत्येक दिन अधिकतम 5 हजार श्रद्धालुओं के पंजीकरण और यात्रा की अनुमति निर्धारित की है। पंजीकरण स्लॉट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे। इस तरह पांच दिनों में कुल 25 हजार श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैध ऑनलाइन पंजीकरण के बिना किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा के दौरान विभिन्न चेक पोस्ट पर सत्यापन के लिए श्रद्धालुओं को अपने ऑनलाइन पंजीकरण या बुकिंग की प्रिंटेड प्रति साथ रखना अनिवार्य होगा। श्रद्धालु पंजीकरण और यात्रा से संबंधित जानकारी आधिकारिक पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं। सहायता के लिए व्हाट्सऐप नंबर 94594-80602 और दूरभाष नंबर 01895-225027 पर संपर्क किया जा सकता है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने और यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यात्रा से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें और यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर मोबाइल नेटवर्क और संचार सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। एडीएम भरमौर विकास शर्मा के प्रयासों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय से मणिमहेश यात्रा मार्ग पर धनछौ में बीएसएनएल का मोबाइल टावर स्थापित कर मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू कर दी गई है।
मोबाइल नेटवर्क सुविधा शुरू होने से यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को बेहतर संचार सुविधा मिलेगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर आपात स्थिति में संपर्क स्थापित करने में भी मदद मिलेगी। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है।