बड़सर में सीएम सुक्खू की बड़ी घोषणाएं, कर्मचारियों-पेंशनरों को राहत के साथ 4 हजार पद भरने का ऐलान

17 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों, पेंशनरों, स्वास्थ्य कर्मियों और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों को लेकर गंभीरता से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन एरियर के अतिरिक्त 20 हजार रुपये का भुगतान इसी माह किया जाएगा। वहीं, वर्ष 2016 से दिसंबर 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-3 पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को इसी माह उनकी पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन के बकाया का अतिरिक्त 35 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों तथा पारिवारिक पेंशनरों को भी उनके बकाया का 15 प्रतिशत भुगतान इसी माह किया जाएगा। इन भुगतानों पर राज्य सरकार करीब 281 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

शिक्षा क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेशभर में 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिलेंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगस्त 2026 से 31 मार्च 2027 के बीच सेवानिवृत्त होने वाले चिकित्सकों की सेवाएं जारी रहेंगी और वे 31 मार्च 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। इसके अलावा एनएचएम हिमाचल प्रदेश के तहत कार्यरत करीब 9 हजार आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन को 5,800 रुपये से बढ़ाकर 6,800 रुपये करने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएचएम के तहत कार्यरत जिन कर्मचारियों ने वेतन युक्तिकरण के बाद सात वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें 1 अप्रैल 2026 से संशोधित वेतन दिया जाएगा। वहीं, आउटसोर्स स्टाफ नर्सों, फार्मासिस्टों, ऑपरेशन थिएटर सहायकों और प्रयोगशाला तकनीशियनों के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह तथा डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए 18 हजार रुपये प्रतिमाह संशोधित पारिश्रमिक निर्धारित किया गया है। यह संशोधित पारिश्रमिक 1 सितंबर 2026 से लागू होगा।

रोजगार के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 4 हजार पद भरने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार मल्टी-टास्क वर्कर्स और आउटसोर्स कर्मचारियों की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है। इनके मुद्दों से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और उचित लाभ देने के लिए नीति लाने पर भी विचार किया जा रहा है।

राज्य स्तरीय समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एवं पुलिस उपाधीक्षक प्रणव चौहान ने किया।

समारोह की परेड में हिमाचल पुलिस, आईआरबी धौलाकुआं, आईआरबी पंडोह, जिला पुलिस हमीरपुर, महिला पुलिस, होमगार्ड और यातायात पुलिस के जवानों के साथ हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने भी हिस्सा लिया। सेवन स्टार स्कूल बणी, राजकीय डिग्री कॉलेज बड़सर, ब्राइट सन स्कूल बड़सर और न्यू ब्राइट सन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़सर के विद्यार्थियों ने भी मार्च पास्ट में भाग लिया। पुलिस बैंड और होमगार्ड बैंड ने समारोह की भव्यता बढ़ाई।

मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ सरकार की मुहिम को लेकर कहा कि लोगों के सहयोग से ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान’ शुरू किया गया है। अभियान का दूसरा चरण 7 सितंबर 2026 से ऊना में शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही ‘खेलो हिमाचल, चिट्टा-मुक्त अभियान’ भी शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ एवं उत्पादक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ अभियान को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *