थुरल में कार-बाइक की जोरदार टक्कर, PWD कर्मचारी की मौत

15 अगस्त: कांगड़ा जिले के थुरल महाविद्यालय के समीप शुक्रवार शाम पालमपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग पर कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान रजत कुमार (पुत्र सतीश कुमार), निवासी गांव साई भ्रांता के रूप में हुई है। रजत कुमार लोक निर्माण विभाग थुरल में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत था। हादसे में उसकी टांग में गंभीर चोटें आई थीं। गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

हादसे में घायल दूसरे युवक की पहचान कपिल पटवाग निवासी लिंजन गांव के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए स्थानीय थुरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक की एक कार से टक्कर हो गई। कार चालक की पहचान अजीत कुमार शर्मा निवासी अणु चौकी, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *