14 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कृषि विभाग, हमीरपुर में राज्य अवशेष परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इस प्रयोगशाला के माध्यम से कृषि उत्पादों में मौजूद अवशेषों की वैज्ञानिक जांच की जाएगी, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास ऐसी कृषि व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें किसानों की उपज को उचित पहचान और उपभोक्ताओं का विश्वास मिले। साथ ही, लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि विज्ञान और आधुनिक तकनीक को किसानों की मेहनत से जोड़कर हिमाचल की कृषि व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। राज्य अवशेष परीक्षण प्रयोगशाला इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।