गहने खरीदने पहुंचे परिवार के बैग से उड़ाए डेढ़ लाख, CCTV में कैद हुई चोरी

13 अगस्त: अंब जिला मुख्यालय के समीप एक आभूषण शोरूम में ग्राहक के बैग से डेढ़ लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की वारदात को दो महिलाओं ने कथित तौर पर बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

जानकारी के अनुसार कुठेड़ा खैरला निवासी मंगल सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ आभूषण खरीदने शोरूम पहुंचे थे। उनके बैग में 50-50 हजार रुपये की तीन गड्डियां रखी हुई थीं। परिवार शोरूम में गहने देखने में व्यस्त था। इसी दौरान एक बच्ची के साथ वहां पहुंची दो महिलाओं में से एक महिला ने सोफे पर रखे बैग से नकदी निकाल ली। इसके बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं।

मंगल सिंह को नकदी चोरी होने का पता शाम को बैग देखने के दौरान चला। इसके बाद वह दोबारा शोरूम पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में महिला द्वारा बैग से रुपये निकालने की घटना स्पष्ट दिखाई दी।

इसके बाद मंगल सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *