13 अगस्त: गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संवाद कार्यक्रम के तहत बुधवार को पास्सू में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें धर्मशाला क्षेत्र की 11 पंचायतों के आठ चरणों में चयनित बीपीएल परिवारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर देवेन्द्र जग्गी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने लोगों से अपनी पात्रता के अनुसार इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
देवेन्द्र जग्गी ने कहा कि सरकार की योजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आवास, स्वरोजगार, महिला एवं बाल कल्याण तथा खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पात्र परिवारों को सहायता प्रदान कर रही हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से आग्रह किया कि वे पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में भी आवश्यक सहयोग करें, ताकि कोई परिवार जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।
सहायक उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने उपस्थित परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी साझा की। उन्होंने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान बीपीएल परिवारों ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ खुलकर संवाद किया तथा योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताएं साझा कीं। लोगों ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सरकारी सुविधाओं को लेकर सवाल पूछे, जिनका संबंधित अधिकारियों ने जवाब देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सरकारी योजनाओं से संबंधित सही और प्रमाणित जानकारी संबंधित विभाग, पंचायत कार्यालय या अधिकृत माध्यम से ही प्राप्त करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।