केवल सिंह पठानिया ने लंज सीएचसी को दी बड़ी सौगात, 3 लाख की आधुनिक डेंटल चेयर का लोकार्पण

8 अगस्त: प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को लंज प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने करीब तीन लाख रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक डेंटल चेयर का लोकार्पण किया।

केवल सिंह पठानिया ने अस्पताल में दवाइयों, साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सोमवार तक सीएचसी लंज में आरवीजी डिजिटल डेंटल एक्स-रे और डेंटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। इसके लिए आवश्यक एक लाख 10 हजार रुपये की राशि अपने स्तर पर उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सीएचसी लंज में जल्द ही अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की जाएगी, जिससे लंज और आसपास की पंचायतों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।

इसके बाद पठानिया ने निर्माणाधीन नए सीएचसी भवन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी को भवन का निर्माण निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। अस्पतालों में आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाने के साथ स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि लंज क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में लंज क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंज को सीबीएसई से संबद्ध करवाया गया है। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा शुरू हुई है और नए सीएचसी भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। राजकीय महाविद्यालय लंज में बीसीए, पीजीडीसीए और बीबीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं तथा आधुनिक कंप्यूटर लैब भी स्थापित की गई है।

अस्पताल निरीक्षण के बाद पठानिया ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी मांगें उनके समक्ष रखी गईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधिकांश समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर चकवन गौड के 16 लोगों ने केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पठानिया ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने और जनसेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी सुंनीदा पठानिया, एसडीएम अंजलि गर्ग, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद, बीएमओ डॉ. विक्रम कटोच, नायब तहसीलदार संजय शर्मा, बीडीओ पारुल पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *