7 अगस्त: उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कांटी मशवा में 1 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उद्योग मंत्री का स्वागत किया।
हर्षवर्धन चौहान ने क्षेत्रवासियों को नए पीएचसी भवन की बधाई देते हुए कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र से आसपास की तीन पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में भवनों के निर्माण के साथ डॉक्टरों और अन्य आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दे रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर-द्वार के नजदीक बेहतर उपचार मिल सके।
मंत्री ने बताया कि पीएचसी कमरऊ, सतौन, चांदनी और कोटा पाब के भवनों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इन भवनों में चिकित्सकों के लिए आवास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और फार्मासिस्ट उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के सतौन उपमंडल के तहत करीब 70 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें पीएचसी सतौन, पीएचसी कमरऊ, पीएचसी कोटा पाब, पीएचसी चांदनी, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल सतौन तथा विभिन्न सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
उद्योग मंत्री ने बताया कि कांटी मशवा पीएचसी भवन, मानल से कांटी मशवा सड़क और चांदनी से कठवार सड़क की मेटलिंग का कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि शिलाई में 19 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। निर्माण पूरा होने के बाद अस्पताल में मरीजों के लिए 100 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध होगी।
हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि शिलाई अस्पताल में प्रतिदिन करीब 250 से 300 मरीजों की ओपीडी रहती है। अस्पताल में 10 डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें ईएनटी, मेडिसिन, हड्डी रोग और महिला रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पहले कई मरीजों को पांवटा साहिब या नाहन रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब शिलाई में ही बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक परेशानी के कारण उपचार से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
इस दौरान उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने विभिन्न सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने कांटी मशवा सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, कमरऊ सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, बडवास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये और खिल रोड के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पुस्तकालय के लिए 10 लाख रुपये देने तथा स्कूल की चारदीवारी और खड्ढ पर जल्द पुल लगाने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह ठाकुर, सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप, बीएमओ के.एल. भगत, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश शर्मा, जल शक्ति विभाग शिलाई के अधिशासी अभियंता पद्म प्रकाश, बीडीओ राजेश नेगी, ओएसडी अत्तर राणा, ईआई उद्योग काका राम शर्मा, प्रधान कांटी मशवा प्रियंका चौहान, उपप्रधान खजान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।