एचपीयू की महिला ओवरऑल चैंपियन बनी धर्मशाला कॉलेज की छात्राएं

7 अगस्त , तरसेम जरयाल : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय की ओर से विश्वविद्यालय सभागार में सातवें वार्षिक खेल पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और महाविद्यालयों को सम्मानित किया गया।

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय महिला ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विश्वविद्यालय की ओर से यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी ग्रहण की।

इस उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह ट्रॉफी छात्राओं की मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और महाविद्यालय की मजबूत खेल संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने नेहा कैथ, श्वेता जम्वाल और काशिका ठाकुर के प्रदर्शन की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और निरंतर अभ्यास के दम पर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।

प्राचार्य ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए महत्वपूर्ण हैं।

समारोह में राष्ट्रीय एवं उत्तर क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि, ब्लेजर क्लॉथ, पॉकेट कलर और सिलाई शुल्क देकर सम्मानित किया गया। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की नेहा कैथ, श्वेता जम्वाल और काशिका ठाकुर को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश सिंह मनकोटिया ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता लंबे समय से चल रहे प्रशिक्षण, अनुशासन और महाविद्यालय प्रशासन के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *