केंद्र की सड़क परियोजनाओं पर कांग्रेस का झूठा श्रेय प्रयास, ₹200 करोड़ की छैला–ओच्छघाट सड़क मोदी सरकार की देन : डॉ. राजीव बिंदल

29 जनवरी: शिमला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर केंद्र सरकार की विकास योजनाओं का गलत श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हिमाचल को हजारों करोड़ रुपये की सहायता मोदी सरकार ने दी है, जिसमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार का कोई योगदान नहीं है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि छैला से ओच्छघाट तक कृषि और बागवानी क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़क के लिए केंद्र सरकार ने ₹200 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के प्रयासों से संभव हुई है।
उन्होंने कहा कि शिमला लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने इस सड़क परियोजना की मांग को लगातार केंद्र के समक्ष उठाया, जिसके चलते हिमाचल को यह बड़ी सौगात मिली। यह भाजपा की विकास-केंद्रित नीति का परिणाम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता इस परियोजना का श्रेय लेने की कोशिश कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को श्रेय लेने के बजाय प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए था।
डॉ. बिंदल ने दोहराया कि भाजपा मोदी के नेतृत्व में हिमाचल के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी प्रदेश को मजबूत बुनियादी ढांचा देने का काम जारी रहेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *