3 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के ले जाए जा रहे 119 टिन रेजिन बरामद किए हैं। पुलिस ने रेजिन से लदे पिकअप वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार देर शाम पच्छाद थाना पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान कंगर घाट गांव से आगे धरयार क्रॉसिंग के पास पुलिस ने संदेह के आधार पर एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन में त्रिपाल के नीचे छिपाकर रखे गए रेजिन के 119 टिन बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक सर्वेश ठाकुर और उसके साथ मौजूद रोबिन ठाकुर रेजिन के स्रोत और इसे ले जाने की अनुमति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने रेजिन सहित वाहन को कब्जे में ले लिया।
हिमाचल प्रदेश में वैध अनुमति और दस्तावेजों के बिना रेजिन का परिवहन नहीं किया जा सकता। सिरमौर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर पच्छाद थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।