29 जनवरी: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के नम्होल क्षेत्र में बुधवार देर रात एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। सड़क से फिसलकर बस करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे बस चालक, परिचालक सहित चार लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना 112 हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां न्यू प्रेम नामक निजी बस खाई में गिरी हुई पाई गई। दुर्घटना के समय बस में चालक, परिचालक और तीन सवारियां मौजूद थीं। मौके पर दो सवारियां मिलीं, जबकि एक यात्री वहां से जा चुका था।
हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत उपचार के लिए एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर हैं। चालक, परिचालक और दो सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। यात्री नितिन ठाकुर को एहतियातन निगरानी में रखा गया है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घायल रिशु निवासी कुसवाड़ हमीरपुर के बयान पर पुलिस ने बस चालक महेंद्र सिंह निवासी रजौल कांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।