6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर का पहला दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि; ओपीडी रहेगी बंद

5 अक्तूबर: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), बिलासपुर का पहला दीक्षांत समारोह मंगलवार, 6 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।

दीक्षांत समारोह के मद्देनजर 6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर की बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दौरान ओपीडी में मरीजों का पंजीकरण और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध नहीं होगा।

एम्स के रजिस्ट्रार राकेश कुमार सिंह ने मरीजों और आम लोगों से आग्रह किया है कि वे 6 अक्टूबर को नियमित जांच या चिकित्सकीय परामर्श के लिए एम्स आने की योजना न बनाएं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए किसी अन्य दिन का समय लेने की सलाह दी है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हालांकि, ओपीडी सेवाएं बंद रहने के बावजूद एम्स बिलासपुर की आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

एम्स बिलासपुर में पहला शैक्षणिक सत्र 12 जनवरी, 2021 को शुरू हुआ था। संस्थान का यह पहला दीक्षांत समारोह होने के कारण इसे महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के प्रस्तावित दौरे के कार्यक्रम के अनुसार वह सोमवार को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए बिलासपुर पहुंचेंगे और रात अपने पैतृक स्थान विजयपुर में रुकेंगे। प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी स्वदेश ठाकुर के अनुसार नड्डा के सोमवार शाम करीब छह बजे चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से रवाना होने और रात करीब नौ बजे विजयपुर पहुंचने की उम्मीद है। मंगलवार को वह एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *