हिमाचल के 51 शहरी निकायों में कल मतदान, चुनावी रण में उतरे 1147 प्रत्याशी

16 मई: हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगमों समेत कुल 51 शहरी निकायों के लिए कल मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। नगर परिषद और नगर पंचायतों के नतीजे मतदान के बाद घोषित किए जाएंगे, जबकि नगर निगमों की मतगणना 31 मई को होगी। इसी दिन जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के परिणाम भी जारी किए जाएंगे।

राज्य में धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगमों के चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न पर लड़े जा रहे हैं, जबकि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव गैर-दलीय आधार पर हो रहे हैं। कुल 439 पदों के लिए 1147 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में करीब 3.80 लाख मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। इनमें 1,80,963 पुरुष, 1,79,882 महिला और 14 अन्य मतदाता शामिल हैं।

मतदान के लिए प्रदेशभर में 589 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हो चुकी हैं। मतदान प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए करवाई जाएगी। एक ईवीएम में अधिकतम 15 उम्मीदवारों के नाम दर्ज किए जा सकते हैं। इसके साथ ही मतदाताओं को ‘नोटा’ का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *