हरित बीबीएन के लिए स्वस्तिक गौतम का संकल्प, वर्ष 2027 में 1111 पौधे लगाने के लक्ष्य की शुरुआत

12 अक्तूबर, कविता शान्ति गौतम: समाजसेवी स्वस्तिक गौतम ने वर्ष 2027 में 1111 पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ हरित बीबीएन अभियान की एडवांस में शुरुआत की। सोमवार को दूसरे नवरात्र के अवसर पर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाड़माजरी के विद्यार्थियों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर और झाड़माजरी स्थित हनुमान मंदिर में कुल 31 पौधे रोपे।

इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ बच्चों और युवाओं को प्रकृति के प्रति जागरूक करना है। स्वस्तिक गौतम ने कहा कि पौधारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में 1111 पौधे लगाने का लक्ष्य बीबीएन को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। पेड़-पौधे प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वस्तिक गौतम की इस पहल का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक अमित कुमार, ईशा, पूजा, मनप्रीत कौर, प्रिया वंदना सहित स्कूल के विद्यार्थी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *